Sunday, July 7, 2024
HomeDelhiAAP Vs BJP: वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के उद्घाटन पर AAP ने...

AAP Vs BJP: 

नई दिल्ली: दिल्ली में अब नगर निगम के चुनाव दूर नहीं हैं। ऐसे में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ओखला में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के उद्घाटन को आम आदमी पार्टी ने छलावा करार दे दिया है। लगातार भाजपा और आप के बीच इस मामले को लेकर आरोप प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। इस बीच बृहस्पतिवार को आप विधायक दुर्गेश पाठक ने भी दिल्ली में कूड़े के पहाड़ो के लिए भाजपा को दोषी करार दे दिया।

बीजेपी पर लगाया आरोप

दरअसल आप विधायक दुर्गेश पाठक कार्यकर्ताओं के साथ भलस्वा लैंडफिल साइट पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे फर्जी उद्घाटन कई बार हो चुके हैं। भलस्वा लैंडफ़िल साइट पर भी कूड़े से खाद बनाने के प्लांट का उद्घाटन हुआ था। विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली में 16 कूड़े का पहाड़ खड़ाकर राजधानी के लोगों को मुसीबत में डालने की योजना पर काम कर रही है।

लोगों का सांस लेना तक मुश्किल

उन्होंने कहा, भलस्वा लैंडफिल साइट के आसपास रहने वाले लोग जिस तरीके का नारकीय जीवन जी रहे हैं, उसके लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी जिम्मेदार है। आसपास के कई किलोमीटर में लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। कूड़ों के कारण दिल्ली में तेजी से प्रदूषण भी बढ़ रहा है। ओखला का उद्घाटन फर्जी है और आने वाले समय में इससे जनता को कोई फायदा नहीं होगा।

निगम ने ईमानदारी से नहीं किया काम

पाठक ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित नगर निगम ने कूड़ों के पहाड़ को समाप्त करने के लिए ईमानदारी से काम नहीं किया। इतना ही नहीं उन्होंने आगे कहा, कि नगर निगम में आप के आने पर विदेशों में कूड़ों निस्तारण का काम सीखकर यहां भी इस पर काम किया जाएगा।

भाजपा ने आरोपों को सिरे से खारिज किया

वहीं दूसरी ओर पश्चिम भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सोलंकी ने पाठक के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि बवाना में नगर निगम कूड़े से बिजली पहले से ही तैयार कर रहा है। यह बड़ी उपलब्धि है। इसका लाभ लोगों को मिल रहा है। ऐसे में आप विधायक द्वारा ओखला के उद्घाटन को छलावा बताना राजनीतिक स्टंट के सिवा कुछ और नहीं है। 16 लैंडफिल साइट बनाने का आरोप भी पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में अब बिना मास्क घूम सकेंगे लोग, नहीं लगेगा कोई जुर्माना

SHARE
- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular