Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली और उसे सटे NCR के इलाकों में अब ठंड से राहत मिलने लगी है। यहां के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि, पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं की वजह से सुबह और शाम के वक्त ठंड से पूरी तरह राहत नहीं मिली है।
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR में आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है साथ ही आज के तापमान की रिपोर्ट भी जारी कर दी है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना है।
दिल्ली में बीते दिन यानी 5 फरवरी को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक यानी 25.3 डिग्री सेल्शियस दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले दो दिनों तक आसमान साफ रहेगा लेकिन आगामी 7 और 8 फरवरी को दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान इसकी गति 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच रह सकती है। वहीं 10 फरवरी को दिल्ली-NCR में मौसम में बदलाव दिखेगा। इस दिन दिल्ली-NCR के इलाकों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं साथ ही बारिश भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें: हिंदूराव अस्पताल में आज डॉक्टरों की हड़ताल, OPD सेवाएं प्रभावित